Home » Blog » दिल्ली-एनसीआर के लिए Imd का येलो अलर्ट:आज फिर आंधी-तूफान और बारिश के आसार, जानें 6 जून को कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर के लिए Imd का येलो अलर्ट:आज फिर आंधी-तूफान और बारिश के आसार, जानें 6 जून को कैसा रहेगा मौसम

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लिए एक बार फिर 5 जून को येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिनभर गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।  इसके चलते सड़क यातायात, दैनिक जनजीवन और बाहरी गतिविधियां प्रभावित होने की संभावना है। हालांकि इस बदले मौसम के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

आज के मौसम का हाल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 जून को एनसीआर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान तथा बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और यातायात प्रभावित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 5 जून को एनसीआर के लोगों को आंधी, तेज हवाओं और बारिश का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन इसके बदले उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा और तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान देने की अपील की गई है।

10 जून तक कैसा रहेगा मौसम?

वहीं 6 जून को भी मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि इस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद मौसम में तेजी से सुधार होने के संकेत हैं। 7 जून को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 8 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहेगा और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। 

इसके अलावा 9 जून और 10 जून को भी मौसम विभाग ने मुख्य रूप से साफ आसमान का पूर्वानुमान जारी किया है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन दिनों के लिए भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

केरल में मूसलाधार बारिश जारी, सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट 

केरल में भी लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए राज्य के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर और कासरगोड जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। विभाग ने इन क्षेत्रों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले कुछ घंटों के दौरान इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। आईएमडी के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है कि किसी क्षेत्र में 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है और स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers